उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। बृहस्पतिवार को 12वीं कक्षा में पहला पेपर हिंदी विषय का था। छात्रों ने बताया कि पेपर कठिन नहीं था लेकिन हिंदी के प्रश्न पत्र में संधि, समास और संस्कृत के सवालों ने काफी उलझाया।
उन्होंने बताया कि कुछ प्रश्न संस्कृत में दिए गए थे जिनके उत्तर भी संस्कृत में ही देने थे। इस वजह से उनका पेपर बहुत अच्छा नहीं हुआ। हालांकि, कुछ छात्रों ने बताया कि पेपर बहुत अच्छा हुआ है। वहीं, शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बोर्ड परीक्षा के पहले दिन देहरादून जिले के 13,568 छात्रों में से 384 छात्रों ने हिंदी की परीक्षा छोड़ दी।
शिक्षा विभाग के मुताबिक इस बार जिले में 29 हजार से अधिक छात्र बोर्ड की परीक्षा दे रहे हैं। इसके लिए देहरादून जिले में 127 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें इस साल 17 नए केंद्र शामिल हुए हैं। इन सभी केंद्रों में कुल तीन संवेदनशील केंद्र हैं। जहां पर अधिक निगरानी की जा रही है। पटेलनगर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य देवेंद्र सिंह खत्री ने बताया कि हिंदी विषय की परीक्षा में कुछ संस्कृत के सवाल भी आते हैं।
- छात्रों से बातचीत -
- मैं 12वीं कक्षा में साइंस साइड से पढ़ रहा हूं। पहला पेपर हिंदी का था। पेपर अच्छा हुआ है। हमने पढ़ाई की थी इसलिए सभी सवाल हल करने में आसानी हुई।
राजकुमार
-पेपर अच्छा आया था और मेरा पेपर भी अच्छा हुआ है लेकिन पढ़ा हुआ नहीं आया। हमने प्रधानाचार्य पर निबंध पढ़ा था लेकिन वह नहीं आया। इसके अलावा पत्रकारिता और उत्तराखंड से जुड़े सवाल भी आए थे।
दीपक कुमार
- प्रश्न पत्र ठीक था लेकिन इसमें संस्कृत के सवालों ने इसे कठिन बना दिया। इसके अलावा समास और संधि से जुड़े सवालों को भी हल करने में परेशानी हुई।
शाजिद अंसारी
- हिंदी का पेपर आसान था लेकिन संस्कृत की वजह से इसे हल करने में परेशानी हुई। इसके अलावा काव्य भी मुश्किल से हल हो पाया।
जुनैद
-
कोट
बोर्ड परीक्षा में देहरादून जिले में 12वीं के 13,568 छात्र रजिस्टर्ड हैं। पहले दिन 13,184 छात्रों ने ही परीक्षा दी। 384 छात्र परीक्षा में अनुपस्थित रहे। आज (17 मार्च को) 10वीं का पहला पेपर हिंदी का होगा।
प्रदीप कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून