इस बार बढ़ गई परीक्षार्थियों की संख्या
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की ओर से संचालित बोर्ड परीक्षा में पिछले साल की तुलना इस बार परीक्षार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल कुल 2,42,942 परीक्षार्थी थे। इनमें से हाईस्कूल में 1,29,778, इंटरमीडिएड में 1,13,164 परीक्षार्थी थे। इस वर्ष हाईस्कूल में 1,32,104, इंटरमीडिएट में 1,27,236 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस वर्ष कुल 2,59,340 विद्यार्थी परीक्षा देंगे, जो पिछली बार की तुलना में 16,398 अधिक हैं।
अगले साल मार्च-अप्रैल में होगी बोर्ड परीक्षा
2023 में मार्च, अप्रैल के मध्य बोर्ड परीक्षाएं होंगी और जनवरी, फरवरी में प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी। यह जानकारी उत्तराखंड बोर्ड के सभापति आरके कुंवर ने राज्य स्तरीय केंद्र निर्धारण समिति की बैठक में दी। बोर्ड सभापति ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए पहली बार छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन फार्म भरवाएं गए। दूरस्थ क्षेत्रों से भी छात्र-छात्राओं ने आसानी से ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरे।
इस बार सभी विषयों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी। बोर्ड ने इसकी तैयारी कर ली है। जनवरी अंतिम सप्ताह और फरवरी दूसरे सप्ताह तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं संपन्न करा ली जाएंगी। बोर्ड परीक्षाएं समाप्त होने के दस दिन बाद मूल्यांकन शुरू किया जाएगा। मई माह अंत तक परीक्षाफल घोषित किया जाएगा। बोर्ड सभापति ने बताया कि चरणबद्ध तरीके से बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी की जा रही है।