लोकसभा चुनाव से पहले सोमवार से शुरू हो रहे बजट सत्र में सरकार को घेरने के लिए विपक्ष ने रणनीति बनाई है। भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, आपदा प्रभावितों के पुनर्वास, स्वास्थ्य, किसानों से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष सदन में हंगामा कर सकता है।
रविवार को यमुना कालोनी स्थित नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के आवास पर कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई है। जिसमें जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाने के लिए पार्टी विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को रखा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उद्यान विभाग में पौध और बीज वितरण में घपला उजागर होने के बाद भी सरकार दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है। जोशीमठ आपदा के प्रभावितों का अभी तक पुनर्वास नहीं हुआ और न ही मुआवजा मिला।
Uttarakhand: कल से विधानसभा सत्र, पहले दिन होगा राज्यपाल का अभिभाषण, 27 को पेश होगा बजट
प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ रही है और स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल है। महिलाओं पर लगातार अत्याचार बढ़ रहे हैं। किसान अपने हितों को लेकर आंदोलन कर रहा है। इन सभी मुद्दों को कांग्रेस सदन में उठाएगी। बैठक में विधायक प्रीतम सिंह, राजेंद्र भंडारी, हरीश धामी, सुमित हृदयेश, गोपाल राणा, आदेश चौहान, विक्रम सिंह नेगी समेत अन्य विधायक मौजूद थे।
बता दें कि पिछले विधानसभा सत्र में समान नागरिक संहिता और राज्य आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण विधेयक को पारित करने पर सरकार का फोकस था। जिससे प्रश्न और कार्यस्थगन न होने से विपक्ष को मुद्दे उठाने का मौका नहीं मिला था। इस बार विपक्ष ने सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है।