धर्मावाला क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से हो रही अघोषित बिजली कटौती ने उपभोक्ताओं की मुसीबत बढ़ा दी है। इलाके में हर रोज तीन से चार घंटे बत्ती गुल रहने से करीब 10 हजार की आबादी बेहाल है। दिन हो या रात, किसी भी समय बिजली कटने से न सिर्फ लोगों की दिनचर्या बिगड़ रही है, बल्कि आटा चक्की जैसे छोटे कारोबारियों का कामकाज भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।क्षेत्र के तिमली, धर्मावाला, शाहपुर-कल्याणपुर, आदुवाला, रामगढ़, कुंजाग्रांट, कुंजा, मटक-माजरी और कुल्हाल आदि गांवों में बिजली का भारी संकट बना हुआ है। शनिवार शाम से यह कटौती और ज्यादा अनियमित हो गई है। कुल्हाल निवासी राव मोहम्मद असलम, कुंजाग्रांट के पूर्व प्रधान मोहम्मद गालिब और मोहम्मद आजम ने बताया कि बरसात के बाद आपूर्ति सुचारु थी, लेकिन बीते तीन दिनों से अचानक लगातार कट लग रहे हैं। कई-कई घंटे बिजली न आने से दुकानों और छोटे उद्योगों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है।आक्रोशित ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम से व्यवस्था सुधारने और सुचारु आपूर्ति की मांग उठाई है। हरबर्टपुर ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी विकास भारती ने बताया कि क्षेत्र की विद्युत लाइनों और उपकरणों में कोई खराबी नहीं है। ग्राहकों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और लाइनों से जुड़े अन्य जरूरी तकनीकी कार्यों के लिए ही कुछ समय के लिए बिजली की आपूर्ति बंद की जा रही है।