ग्राम पंचायत बैरागीवाला में अवैध कब्जे की सूचना पर एकत्रित ग्रामीण व जनप्रतिनिधि। स्रोत जागरूक
विकासनगर। ग्राम पंचायत बैरागीवाला में ग्राम समाज की भूमि पर चल रहे कब्जे के प्रयास के दौरान हंंगामा हो गया। बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हुए ग्रामीणों ने चहारदीवारी का निर्माण रोक दिया। आरोप लगाया कि भू-स्वामी ग्राम समाज व रास्ते की जमीन पर अतिक्रमण करके उस पर दीवार खड़ी करने का प्रयास कर रहा है। बुधवार की सुबह बैरागीवाला स्थित एक भूमि पर चहारदीवारी के लिए नींव की खोदाई शुरू हुई थी। इसके कुछ ही देर बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भू-स्वामी पर अवैध रूप से ग्राम समाज व रास्ते की भूमि पर कब्जे का आरोप लगाया। सूचना पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख जसविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को शांत कराकर तहसील से पटवारी को तत्काल बुलाकर भूमि पर शुरू किए गए निर्माण को रुकवा दिया। उन्होंने बताया कि अवैध रूप से ग्राम समाज की जमीनों पर कब्जे के ऐसे किसी प्रयास को सफल नहीं होने दिया जाएगा। स दौरान ग्राम प्रधान विक्की कश्यप, पूर्व प्रधान अशफाक हुसैन, नरेश, रोशन आदि मौजूद रहे।