यूपीसीएल के चीफ इंजीनियर केदारनाथ धाम में शिविर कर विद्युत व्यवस्था के कामकाज पर नजर रखेंगे।
इसके अलावा बिजली विभाग के अफसरों को शासन को प्रतिदिन चारधाम में कितनी बार बिजली आपूर्ति बाधित हुई और आपूर्ति बाधित होने के कारण से लेकर सप्लाई सामान्य करने में लगने वाले समय के बारे में भी रिपोर्ट देनी होगी। यह निर्देश सचिव ऊर्जा राधिका झा ने बृहस्पतिवार को चारधाम में बिजली व्यवस्था को लेकर हुई समीक्षा बैठक में दिए।
सचिव ने फाल्ट को ठीक करने में लगने वाले रिस्पांस टाइम को और कम करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए पेट्रोलिंग टीम के लिए वाहनों और अतिरिक्त कर्मचारियों से लेकर उपकरणों की आवश्यकता है, उसकी तत्काल व्यवस्था की जाए। इसके अलावा चीफ इंजीनियर एमएल प्रसाद को केदारनाथ धाम में शिविर करने और विद्युत व्यवस्था से जुड़े कामकाज को देखने के साथ समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करने का निर्देश दिया है।
प्रबंध निदेशक समेत अन्य अफसरों को भी चारधाम क्षेत्र में लगातार निरीक्षण करने को कहा गया है। बैठक में अफसरों ने बताया कि पूरे इलाके में 70 किमी लंबी बिजली की लाइनें हैं, जो कि जंगल आदि जगह से होकर गुजरती हैं, ऐसे में जब भी मौसम खराब होता है तो समस्या आती है। फिर भी फाल्ट को कम समय में दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करने का काम किया जा रहा है। बैठक में एमडी यूपीसीएल बीसीके मिश्रा, निदेशक परिचालन अतुल समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।