स्तनपान से होने वाले लाभ से महिलाओं को कराया अवगत
बाल विकास परियोजना के तत्वाधान में क्षेत्र के ग्राम टिपऊ स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर स्तनपान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्तनपान कराने से माता व बच्चे को मिलने वाले लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा केंद्र व राज्य सरकार के माध्यम से संचालित योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी अंजू बड़ोला ने बताया कि मां के दूध में पोषक तत्व होते हैं जो बच्चे को गंभीर बीमारियों से बचाते हैं। इसके अलावा स्तनपान कराने वाली माता को भी स्तन कैंसर का खतरा नहीं होता है। उन्होंने कहा कि माता व बच्चे के स्वास्थ्य के लिए छह माह तक बच्चे को स्तनपान कराना आवश्यक है। छह माह के बाद पौष्टिक आहार का सेवन भी बच्चे को कराना चाहिए।
उन्होंने बताया कि नियमित स्तनपान से नवजात शिशुओं की मृत्यु दर को 20 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रत्येक गांव में छह माह तक बच्चों को स्तनपान कराने के लिए महिलाओं को जागरूक करेंगी। इस अवसर पर सुपरवाइजर फूल देवी, कृतना, बबीता, प्रभा, सरिता, रविता, सुमित्रा, अनिता, मंजू, निशा, गुड्डी, उजला, प्यारो देवी मौजूद रहे।