सिलोगी-मोहनचट्टी मोटरमार्ग पर रात के समय ओवरलोडिंग डंपरों पर परिवहन विभाग और स्थानीय प्रशासन शिकंजा नहीं कस पा रहा है। रात को बेलगाम दौड़ रहे डंपरों ने सात दिन में तीन गोवंश को कुचलकर मार डाला। सड़क पर लगातार गोवंश को कुचलने की घटना के बाद लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने डीएम और एसएसपी पौड़ी से ओवरलोड डंपरों पर कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के समय खनन सामग्री से लदे 10 टायर वाले डंपर अनियंत्रित तरह से सड़क पर दौड़ रहे हैं। एक गौवंश घट्टूगाड में और एक गौवंश मोहनचट्टी के निकट कुचल कर मार डाला गया। घट्टूगाड़ सिलोगी मोटरमार्ग पर दो पुलों की भार वहन क्षमता केवल 16 टन है। जबकि इन पुलों के ऊपर से 30 से 40 टन उप खनिज से लदे वाहन गुजारे जा रहे हैं। इससे पुल को भी नुकसान हो सकता है। लक्ष्मणझूला कोतवाली प्रभारी सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि डंपर से गाय का कुचलने का प्रकरण करीब एक सप्ताह पुराना है। मामले में जांच करवाई जाएगी। रात में 10 टायरा डंपर संचालन की अनुमति जानकारी जुटाई जा रही है।