माई सिटी रिपोर्टर देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल की प्रदेश सभी कार्यकारिणी भंग कर दी गई हैं। एक महीने के अंतर्गत नए सिरे से सभी कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठन को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक सदस्यों को जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। संगठन में निष्क्रिय पड़े पदाधिकारियों को बाहर कर उनके स्थान पर नए और ऊर्जावान पदाधिकारियों को शामिल किया जाएगा ताकि पार्टी संगठन को उसका फायदा मिल सके। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री रहे भानु प्रकाश जोशी ने उत्तराखंड क्रांति दल का हाथ थामा। उन्होंने बताया कि जल्द ही अल्मोड़ा में भी बड़ी संख्या में लोग उत्तराखंड उक्रांद से जुड़ेंगे। दल ने उन्हें भी अल्मोड़ा और सोमेश्वर विधानसभा का प्रभारी बनाया है। दल के संरक्षक काशी सिंह ऐरी ने कहा कि कोरोना संकट से निपटने में सरकार पूरी तरह विफल रही है। कोरोना से बचाव के लिए सरकार ने शुरुआती कदम नहीं उठाए, जिसके कारण आज लगातार स्थिति खराब हो रही है। लाखों लोग इससे प्रभावित हुए हैं और हजारों लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी है। इसके अलावा सरकार की कमजोर नीतियों के कारण कई लोगों को अपना रोजगार भी गंवाना पड़ा है। पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री गैरसैंण की बात तो कर रहे हैं लेकिन जन भावना के अनुरूप स्थाई राजधानी घोषित नहीं कर रहे हैं। इस मौके पर भी बीड़ी रतूड़ी, डीडी जोशी, अनुसूया प्रसाद उनियाल, कुंदन बिष्ट, रणजीत गड़ाकोटी, शिवराज बनौला, बहादुर सिंह रावत, सुनील ध्यानी, लताफत हुसैन, विजय बौड़ाई, प्रताप कुंवर, समीर मुंडेपी समेत अन्य मौजूद रहे। -