देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने रुद्रप्रयाग में तीन लघु जल विद्युत परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कालीगंगा प्रथम (चार मेगावाट), कालीगंगा द्वितीय (4.5 मेगावाट) और मद्महेश्वर (15 मेगावाट) परियोजनाओं के परिचालन, रखरखाव और विद्युत उत्पादन की समीक्षा की। प्रबंध निदेशक सिंह ने परियोजनाओं में कार्यरत कार्मिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और चुनौतियों की जानकारी ली। सिंह ने मद्महेश्वर और कालीगंगा द्वितीय परियोजनाओं में विद्युत निकासी व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर दिया। उन्होंने इन दोनों में एक-एक अतिरिक्त मशीन लगाने की संभावनाओं पर कार्यवाही के निर्देश दिए। कहा कि इससे विद्युत उत्पादन बढ़ेगा और स्थानीय रोजगार के अवसर भी उत्पन्न होंगे। उन्होंने हिमालयी क्षेत्रों की इन परियोजनाओं को उत्तराखंड की ऊर्जा आत्मनिर्भरता के लिए महत्वपूर्ण बताया।