सहसपुर थाना पुलिस ने 230 ग्राम चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। थाना पुलिस ने मिली जानकारी के अनुसार सभावाला चौकी पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने सभावाला से सहसपुर आने जाने वाले मार्ग पर आसन नदी के किनारे एक व्यक्ति को देखा। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास 110 ग्राम चरस मिली। सहसपुर थाना प्रभारी मुकेश त्यागी ने बताया कि आरोपी की पहचान ढाकी रेडापुर निवासी दिलशाद के रूप में हुई है। वहींं, धर्मावाला चौकी पुलिस दर्रारेट के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को आते हुए देखा। पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से 120 ग्राम चरस मिली। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की पहचान ढाकी निवासी राकिब के रूप में हुई है। संवाद