दीपावली के मौके पर यूपी, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश समेत दूसरे राज्यों में घर जाकर दीपावली मनाने वाले लोगों को यह खबर थोड़ा परेशान कर सकती है। रेलवे अधिकारियों की मानें तो दीपावली से दो माह पहले ही देहरादून से संचालित होने वाली तमाम ट्रेनों में सीटें फुल हो गई हैं।
तमाम ट्रेनों में आलम यह है कि प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा चार सौ पार कर गया है। ऐसे में दीपावली पर घरों को जाने वाले यात्रियों के लिए गंभीर संकट खड़ा हो गया है। हालांकि, रेलवे अधिकारियों का कहना है कि दीपावली आने के साथ ही जरूरत के हिसाब से तमाम ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। लेकिन, जिस तरीके से प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा चार सौ पार कर गया है, उसे देखते हुए तो नहीं लगता कि अतिरिक्त कोच लगाए जाने से भी स्थिति सामान्य होगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार देहरादून-प्रयागराज लिंक एक्सप्रेस में स्लीपर क्लास में प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा सौ और तृतीय श्रेणी वातानुकूलित कोच में 52 है। देहरादून- वाराणसी जनता एक्सप्रेस में स्लीपर क्लास में प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा 180 और वातानुकूलित कोच में 52 है। देहरादून से यूपी बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों के लिए तो और बड़ा संकट है। देहरादून-हावड़ा उपासना एक्सप्रेस में स्लीपर कोच में प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा 121 पहुंच गया है। इसके अलावा देहरादून-मुजफ़्फ़रपुर राप्तीगंगा एक्सप्रेस में स्लीपर कोच में आरक्षण प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा 432 तक पहुंच गया है। जबकि तृतीय श्रेणी वातानुकूलित कोच में 123 और द्वितीय श्रेणी वातानुकूलित कोच में प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा 70 पहुंच गया है। देहरादून से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए भी संकट कम नहीं है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक देहरादून-बांद्रा एक्सप्रेस में स्लीपर क्लास में प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा 140 तक पहुंच गया है। ट्रेनों में सीटें फुल होने के बाद अब यात्रियों को सीटें नहीं मिल रही हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में यात्री बिना आरक्षण कराए ही लौट रहे हैं। दूसरी ओर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुधीर सिंह का कहना है कि अभी दीपावली में दो माह का समय है। पर्व के नजदीक आने के बाद जरूरत के मुताबिक ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।