कर्नल आरसी शर्मा मेमोरियल दून के तीसरे सॉकर कप के सोमवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में रायपुर इलेवन ने टाईब्रेकर में हिमालयन एफसी को 4-1 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं, दूसरे मैच में दून चैलेंजर ने सडनडेथ तक खिंचे मुकाबले में मुनस्यारी हीरोज को 7-6 से हराया।
पवेलियन मैदान में चल रहे टूर्नामेंट में रायपुर इलेवन व हिमालयन एफसी के बीच खेला गया पहला मैच संघर्षपूर्ण रहा। निर्धारित समय तक स्कोर 0-0 रहा। परिणाम के लिए टाई ब्रेकर का सहारा लिया गया। जिसमें, रायपुर इलेवन ने 4-1 से बाजी मारी। रायपुर इलेवन के लिए सौरभ, विलास, आशुतोष व अर्पित ने गोल दागे, जबकि हिमालयन एफसी की ओर से नितेश ही गोल करने में सफल रहा। पूर्व फुटबालर विनोद राणा ने रायपुर इलेवन के विलास को प्लेयर ऑफ मैच का पुरस्कार दिया।
दूसरा मैच मुनस्यारी हीरोज व दून चैलेंजर के बीच खेला गया। 14वें में दून चैलेंजर के खिलाड़ी के अपने ही गोलक्षेत्र में फाउल करने पर रेफरी एसडीएस रावत ने मुनस्यारी एफसी के पक्ष में पेनल्टी किक दे दी। मुनस्यारी एफसी के पेमा ने गोल दागकर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। बीसवें मिनट में दून चैलेंजर के फारवर्ड तरुण कंडारी ने गोल करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। सडनडेथ तक चले मैच में 6-5 से बाजी मारी। दून चैलेंजर के राजकिशोर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।