साइबर ठगों ने बिना पैसे चुकाए शहर के एक बड़े होटल में दावत उड़ा ली। इसके लिए उन्होंने क्रेडिट कार्ड अथॉराइजेशन के माध्यम से एडवांस भुगतान किया, लेकिन डेढ़ महीने बाद पता चला कि भुगतान फेल हो गया है। ऐसे में अब होटल मैनेजर की ओर से पुलिस को शिकायत की गई है। प्राथमिक जांच के बाद राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मामला राजपुर क्षेत्र स्थित होटल हयात रिजेंसी का है। एसओ राजपुर जितेंद्र चौहान ने बताया कि होटल के सिक्योरिटी एंड सेफ्टी मैनेजर सुदीप्ता राज ने शिकायत की है। उन्होंने बताया कि गत 12 मई को उन्हें ग्लोबल पे डॉट कॉम से तीन ई-मेल आईं थीं। ये ई-मेल 75500, 50000 और 42481 रुपये के तीन ट्रांजेक्शन फेल होने की जानकारी थी। पड़ताल की गई तो पता चला कि गत 27 मार्च की रात में होटल के नंबर पर एक फोन आया था। फोन करने वाले ने अपना नाम रविंद्र सिंह बताया और कहा कि उनके कुछ साथी 28 मार्च को होटल में रुकने के लिए आ रहे हैं।
इसके लिए उसे एडवांस बुकिंग करनी है। उसने बुकिंग के लिए क्रेडिट कार्ड अथॉराइजेशन फार्म मांगा, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी ने रविंद्र सिंह की ई-मेल पर भुगतान के लिए एक लिंक भेज दिया। रविंद्र ने दावा किया कि इस लिंक के माध्यम से भुगतान नहीं हो रहा है। उसने भुगतान फेल होने के कुछ स्क्रीनशॉट भी भेजे। इसके बाद उसने फिर से क्रेडिट कार्ड अथॉराइजेशन फार्म मांगा।
कर्मचारी ने फार्म भेज दिया। इस फॉर्म को रविंद्र ने भरकर भेज दिया। इसके बाद अगले दिन कविता सिंह और शुभम गौड़ होटल में आकर रुके। उनके रहने और खाने-पीने का कुल बिल 1.68 लाख रुपये हुआ। इसके बाद दोनों मेहमान वहां से चले गए। एसओ ने बताया कि इस मामले में रविंद्र सिंह, कविता सिंह और शुभम गौड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।