सेलाकुई। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जस्सोवाला में ट्यूबवेल निर्माण की शुरूआत की गई। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि ट्यूबवेल तैयार हो जाने से क्षेत्र के किसानों को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हो सकेगा। विधायक ने कहा कि ग्रामीणों के सामने पिछले काफी समय से सिंचाई के पानी की समस्या थी। जिसका समाधान शीघ्र ही हो जाएगा। उन्होंने बताया कि नलकूप का निर्माण 1.45 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। ट्यूबवेल बनने के बाद क्षेत्र के किसानों को जरूरत के हिसाब से पानी उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान को हर संभव प्रयास कर रही है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के प्रशासक प्रवीण सैनी, सुशील सैनी, राजपाल चौधरी, सुरेश गौड़, अनुज राणा, शैली चौधरी, सतीश सैनी, सचिन सैनी, सुमित कुमार सैनी, सुमिंदर सैनी, अमृत सैनी आदि उपस्थित रहे। संवाद