वन विभाग ने चेकिंग के दौरान बिना रवन्ना के उपखनिज परिवहन करते हुए ट्रक को पकड़ा। ट्रक में करीब 20-25 टन रेत भरी थी।
चौहड़पुर रेंज के रेंज अधिकारी सुनील गैरोला ने बताया कि बीते शनिवार की रात करीब 10:15 बजे वन कर्मी गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें सहसपुर–होरावाला मोटर मार्ग पर होरावाला चौक के समीप उपखनिज से लदा ट्रक दिखाई दिया। शक होने पर ट्रक को जांच के लिए रोका गया। चालक उपखनिज से संबंधित रवन्ना और वैध अभिलेख नहीं दिखा सका। चालक अवैध तरीके से उपखजिन का परिवहन कर रहा था। जिस पर ट्रक को होरावाला विश्राम गृह लाकर सीज कर दिया। चालक के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के साथ ही उत्तरांचल उपखनिज अभिवहन नियमावली का उल्लंघन करने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। रिपोर्ट तैयार कर जुर्माने की कार्रवाई के लिए डीएफओ कालसी को भेजी जाएगी।