स्वतंत्रता दिवस पर केंद्र सरकार की पहल पर आयोजित किए जा रहे हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर जहां केंद्र और राज्य सरकार की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा, वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर प्रशासन की ओर से भी तैयारियां जोरों पर हैं। जिले के सभी सरकारी भवनों के साथ ही प्रत्येक घरों में तिरंगा फहराया जा सके, इसके लिए निजी कंपनियों की मदद से राष्ट्रीय ध्वज मंगाए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय ध्वज सभी सरकारी भवनों और निजी भवनों पर फहराए जा सकें, इसके लिए प्रशासन की ओर से चार लाख ध्वज मंगाए जा रहे हैं। सीडीओ झरना कमठान ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके, इसके लिए जहां नगर निगम क्षेत्र को 11 जोन में बांटकर सभी जोन में अफसरों की तैनाती की गई, जबकि ऋषिकेश, मसूरी और डोईवाला क्षेत्र के लिए एसडीएम को नोडल अधिकारी बनाया गया है। हरबर्टपुर, सेलाकुई नगर पंचायतों के लिए तहसीलदारों को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सीडीओ ने हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत कोई भी घर छूट न जाए इसके लिए पंचायतीराज विभाग की भी मदद ली जा रही है। राष्ट्रीय ध्वज मुहैया कराने के बाद नोडल अफसरों और विभागीय कर्मियों द्वारा आमजन को जानकारी दी जाएगी कि कैसे राष्ट्रीय ध्वज को फहराया जाएगा।
13 से लेकर 15 अगस्त तक राष्ट्रीय ध्वज को फहराने के बाद सभी राष्ट्रीय ध्वज को वापस लेने के साथ ही पूरे सम्मान के साथ रखवाया जाएगा। सभी नोडल अफसराें को इस बात की भी हिदायत दी गई कि वे यह सुनिश्चित कराएंगे कि किसी भी सूरत में राष्ट्रीय ध्वज का अपमान न होने पाए।