कालसी। विकासखंड मुख्यालय कालसी में मंगलवार को जनगणना के प्रगणकों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रभारी तहसीलदार कालसी सुरेश सेमवाल ने जनगणना कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की ओर से निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत यह कार्य सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। देहरादून से आए मास्टर ट्रेनर अजय कुमार डबराल और राजमोहन सिंह रावत ने जनगणना के नियमों व प्रक्रिया की जानकारी दी। प्रगणकों को घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने और उसे ऑनलाइन दर्ज करने के तरीके बताए गए। उन्हें यह भी समझाया गया कि यदि कोई परिवार स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन अपलोड करना चाहे, तो प्रक्रिया कैसे बताएं। रजिस्ट्रार कानूनगो तिलकराम जोशी ने कहा कि कार्य के दौरान कोई परेशानी आने पर अधिकारियों से संपर्क करें। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी जगत सिंह सहित विभिन्न विभागों के प्रगणक उपस्थित रहे। संवाद