I
I
I
I40 महिला होमगार्ड का पिस्तौल प्रशिक्षण पूरा, एसीएस गृह ने सौंपे प्रमाणपत्र
I
I एसीएस ने कहा एसआईएसएफ में होमगार्ड को शामिल करने को बनेगा प्रस्तावI
प्रशिक्षित महिला होमगार्ड राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (एसआईएसएफ) का हिस्सा भी बनेंगी। इसके लिए जल्द एक प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। यह बात सोमवार को अपर मुख्य सचिव गृह राधा रतूड़ी ने महिला होमगार्ड के पिस्तौल प्रशिक्षण समापन दिवस पर कही। एसीएस गृह ने 40 महिला होमगार्ड को प्रमाणपत्र भी वितरित किए।
कमांडेंट जनरल होमगार्ड केवल खुराना ने बताया कि इस साल महिला होमगार्ड को सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर) चलाने का प्रशिक्षण दिया गया था। इसके बाद 40 होमगार्ड को तीन से 15 अक्तूबर तक 9एमएम पिस्तौल फायरिंग प्रशिक्षण दिया गया था। अब ये होमगार्ड पुलिस में प्रयोग होने वाले दो महत्वपूर्ण हथियारों को चलाने में सक्षम हैं। इन्हें प्रमाणपत्र देने के लिए सोमवार को थानो स्थित प्रशिक्षण स्थल पर एसीएस गृह राधा रतूड़ी पहुंची थीं। उन्हें महिला होमगार्ड ने एसएलआर से गार्ड सलामी दी। इसके बाद उन्होंने वहां अनआर्म्ड कांबैक्ट प्रशिक्षण हॉल का उद्घाटन किया। यहां पर 29 पुरुष व महिला होमगार्ड को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस मौके पर एसीएस राधा रतूड़ी ने होमगार्ड के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, होमगार्ड संगठन लगातार आगे बढ़ रहा है। वह प्रदेश की शांति व कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। उन्होंने इस साल अस्तित्व में आए होमगार्ड के मस्का बाजा बैंड की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल का गठन किया जा रहा है। इसमें प्रशिक्षित होमगार्ड को भी शामिल करने के लिए एक प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जल्द ही इसकी स्वीकृति भी मिल सकती है।
इस मौके पर कमांडेंट जनरल ने बताया था कि प्रथम चरण में टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी व बागेश्वर जिलों में 160 महिला होमगार्ड की भर्ती पूरी हो चुकी है। इनका प्रशिक्षण इस माह के अंत तक शुरू हो जाएगा। कार्यक्रम के अंत में पिस्तौल प्रशिक्षण में प्रथम रही हरिद्वार की होमगार्ड वर्तिका, द्वितीय शगुफ्ता और तृतीय स्थान पर रहीं सोनिया को पुरस्कृत भी किया गया। इस मौके पर एसीएस राधा रतूड़ी ने होमगार्ड की कॉफी टेबल बुक रिफ्लेक्शंस का विमोचन भी किया। इस मौके पर डिप्टी कमांडेंट जनरल होम गार्ड्स अमिताभ श्रीवास्तव व राजीव बालोनी, जिला कमांडेंट देहरादून राहुल सचान आदि उपस्थित रहे।