व्यापारियों ने की माहौल बिगाड़ने वाले लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई करने की मांग
बाजार बंद कराए जाने की घटना की उद्योग व्यापार मंडल ने कड़े शब्दों में निंदा की है। व्यापार मंडल ने दोनों ही समुदाय के लोगों से शांति बनाने की अपील की। व्यापारियों ने दो टूक कहा कि बाजार में बाहरी लोगों का दखल बरदाश्त नहीं किया जाएगा। एक स्वर में माहौल बिगाड़ने वालों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
बाजार स्थित एक होटल में आयोजित उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ ही जनप्रतिनिधि और मुस्लिम समाज से जुड़े लोग भी शामिल हुए। प्रेमचंद जैन ने कहा कि डंडे के जोर पर बाजार बंद कराना बरदाश्त नहीं किया जाएगा।
अध्यक्ष संजय गुप्ता ने साफ किया कि बंद को व्यापार मंडल का कोई समर्थन नहीं था। उन्होंने बाजार में बाहरी लोगों के सत्यापन की बात कही। संजय जैन ने कहा कि विकासनगर अपने सांप्रदायिक सौहार्द के लिए जाना है। एक छोटी सी चिंगारी इसे तबाह कर सकती है। इस मौके पर पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष नीरज अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य धीरज बॉबी नौटियाल, अरुण मित्तल, मुनीर अहमद, हाजी सईद कुरैशी, जमशेद अहमद, हिमकर गुप्ता आदि मौजूद रहे।