कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने वर्तमान यात्रा सीजन में चारधाम यात्रा के दौरान रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य में चारधाम यात्रा सुचारू एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है और श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
हरिद्वार भ्रमण के दौरान सतपाल महाराज ने बताया कि अब तक कुल 59,08,972 श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
बताया कि वर्तमान यात्रा सीजन में यमुनोत्री धाम में 8,26,965, गंगोत्री धाम में 9,29,664, केदारनाथ धाम में 17,29,170 तथा बदरीनाथ धाम में 20,32,477 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इस प्रकार चारों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 59,08,972 पहुंच गई है।
72 लाख से ज्यादा ने कराया पंजीकरण
बताया कि वर्तमान सीजन की चारधाम यात्रा के लिए अब तक कुल 72,45,218 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा, व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को चारधाम यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।