एक व्यक्ति ने गोल्ड लोन लेने के लिए अपने परिचित से ज्वेलरी मांगी। लेकिन अब वापस देने से इन्कार कर रहा है। पीड़ित की शिकायत के बाद कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर कोतवाली पटेलनगर सूर्यभूषण नेगी ने कहा कि उमेश कुमार शर्मा निवासी अंबेडकर मार्ग, निकट हाईडिल ऑफिस डीएल रोड ने शिकायत दर्ज कराई है। बताया कि उसका परिचय रियाजउल हसन निवासी रौनक कॉलोनी, कन्हैया विहार, कारगी ग्रांट से था। एक दिन वह घर पर आया और पांच लाख रुपये मांगने लग गया। पीड़ित के मुताबिक उस समय उनके पास रुपये नहीं थे। उसने ज्वेलरी पर गोल्ड लोन दिलाने की बात कही। उमेश कुमार शर्मा ने अपने सोने की ज्वेलरी रियाजउल हसन को दे दी।
जिसके बाद उसने यूनियन बैंक से उसके सामने 4,68,000 का गोल्ड लोन करा लिया। आश्वासन दिया कि 10-15 दिन में ज्वेलरी छुड़ाकर वापस कर देगा। लेकिन अब बार-बार ज्वेलरी मांगने पर इन्कार कर रहा है। तहरीर के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।