विकासनगर। अवैध खनन, उपखनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला अधिकारी के निर्देशों के क्रम में रविवार को भी खनन विभाग की कार्रवाई जारी रही। भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की टीम ने क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर दिया और 68 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। सहायक खनिज पर्यवेक्षक पंकज चंद के नेतृत्व में टीम ने निरीक्षण करते हुए नंदा की चौकी के पास अवैध रूप से उपखनिज का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़कर सीज कर दिया। इसी प्रकार से भीमावाला में एक और लांघा रोड के समीप एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया। सभी वाहनों को संबंधित पुलिस थाने की सुपुर्दगी में दिया गया। विभाग की इस कार्रवाई में तीनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर कुल 68 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया। जिला खनन अधिकारी ऐश्वर्य शाह ने बताया अवैध खनन पर विभाग के माध्यम से लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी जारी रहेगी। संवाद