गुलाबी ठंड की दस्तक के साथ चोर भी सक्रिय हो गए हैं। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र में तीन दिन ने तीन चारियां हो चुकी हैं। चोरों ने एक मकान, मंदिर और दुकान को निशाना बनाया है। पुलिस जल्द चोरों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
पुलिस को दी तहरीर में एटनबाग निवासी ललिता ने बताया कि 10 अक्तूबर को वह अपने मायके चली गई थीं। 14 अक्तूबर को वह अपने किराये के मकान में वापस लौटीं तो घर का ताला टूटा पड़ा था। कमरे के भीतर सामान बिखरा हुआ था। आलमारी का दरवाजा भी टूटा था। शिकायतकर्ता के मुताबिक चोर पांच हजार की नकदी, ड्राइविंग लाइसेंस, गैस सिलिंडर और दो क्विंटल गेहूं चोरी कर ले गए।
वहीं, विकासनगर की भगत सिंह कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के पुजारी अभी शर्मा ने बताया कि वह बीते बुधवार की सुबह मंदिर में पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर में रखा गैस सिलिंडर गायब था। दान पात्र का ताला तोड़कर उसमें रखे रुपये में भी चोरी हो गए थे। जबकि, एटनबाग निवासी अमित अग्रवाल ने बताया कि समरफील्ड स्कूल के पास उनकी दुकान है। बीते बुधवार को जब वह सुबह अपनी दुकान पर पहुंचे तो शटर टूटा हुआ था। दुकान के भीतर से नकदी और बीड़ी के बंडल चोरी हो गए थे। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि घटनास्थल के निरीक्षण और तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से आरोपियों की पहचान हो गई है।