विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज मुंधान में शिक्षकों के रिक्त पदों को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों का आंदोलन आखिरकार रंग लाया। सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के घेराव और दिनभर धरना-प्रदर्शन के बाद शिक्षा विभाग ने कॉलेज में तीन शिक्षकों की तत्काल तैनाती के आदेश जारी कर दिए। इससे क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली।राजकीय इंटर कॉलेज मुंधान में गणित और व्यायाम शिक्षक सहित वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात कार्मिकों को नियम विरुद्ध अन्यत्र संबद्ध किए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने विरोध शुरू किया था। शनिवार को रुद्र सेना के संस्थापक एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य राकेश तोमर के नेतृत्व में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने कॉलेज में धरना-प्रदर्शन किया था। इसके बाद सोमवार को सभी लोग खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कालसी पहुंच गए और शिक्षकों की तत्काल तैनाती की मांग को लेकर दिनभर धरने पर बैठे रहे।जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों के आक्रोश को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को मामले की जानकारी दी। मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून गोविंदराम जायसवाल ने बताया कि जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में ड्यूटी दे रहे व्यायाम शिक्षक शैलेंद्र सिंह को तत्काल कार्यमुक्त कर सात अक्तूबर तक मूल विद्यालय मुंधान में उपस्थिति दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं। राजकीय इंटर कॉलेज क्वांसी चकराता में सरप्लस शिक्षक के रूप में तैनात गणित शिक्षक विनोद कुमार तोमर को तत्काल मुंधान भेजा गया। इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज कोटी कॉलोनी में सरप्लस शिक्षक प्रमोद सिंह को तत्काल प्रभाव से मुंधान में नियुक्ति दी गई।आदेश जारी होने पर पूर्व प्रमुख मठोर सिंह चौहान, नरेश जोशी, सुभाष जोशी, सुरेंद्र जोशी, शूरवीर सिंह, दिनेश तोमर, जसवीर सिंह और सुनील चौहान आदि ने खुशी जताई।