कूर्मांचल सास्कृतिक एवं कल्याण परिषद की ओर से आयोजित तीन दिवसीय दीपावली मेले के दूसरे दिन महिलाओं और बच्चों ने लाल गेरू और बिस्वार से ऐपण बनाए। महिलाओं ने सुंदर भजनों से माहौल को भक्तिमय कर दिया। पार्षद समीधा गुरुंग ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
जीएमएस रोड स्थित कूर्मांचल भवन में पारंपरिक ऐपण बनाकर संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया गया। महिलाओं ने कहा, ऐपण शुभ कार्य, नए कार्य की शुरुआत के दौरान आचार्य चौकी, सूर्य चौकी, लक्ष्मी चौकी, शिव पीठ, नौ बिंदु स्वास्तिक, जनेऊ चौकी, सरस्वती चौकी, भद्र आदि अनेक आलेखनों से सजाए जाते हैं। परिषद की केंद्रीय सांस्कृतिक सचिव बबीता साह लोहनी ने बताया, पारंपरिक ऐपण में धरातलीय ऐपण व लिखथाप (दीवार सजाने की कला) कुमाऊं में किसी भी मांगलिक कार्य के अवसर पर अपने घरों को सजाने की पुरानी परंपरा है।
महिलाओं ने सभी देवी-देवताओं के विभिन्न मांगल गीत के साथ कुमाउनी भजनों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में केंद्रीय अध्यक्ष कमल रजवार, महासचिव गोविंद पांडे, हरि सिंह बिष्ट, नवीन तिवारी, एसएस ठटोला, राजेंद्र पंत, पुष्पा कोठारी, निकिता कोठारी, दीपा धामी, सीमा भट्ट, सीमा, सोनू जोशी, कमला जोशी, बीना जोशी, अंजू नेगी, सुमन बिष्ट, ममता जोशी मौजूद रहे।