पुलिस ने मारा छापा
मुखबिरों की सूचना पर इनके घरों पर छापा मारा गया तो एक महिला के यहां से चार लाख रुपये, गैस कटर और सिलिंडर बरामद हुए। महिला ने अपना नाम नजमा बताया। उससे पूछताछ के आधार पर दो अन्य आरोपियों हामिद निवासी शिकारपुर तावड़ू, नूह, हरियाणा और उसी के गांव के अनीश को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि, घटना में शामिल नजमा का पति सद्दाम और तस्लीम नाम के आरोपी फरार हो गए। एसएसपी ने बताया, इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए इंस्पेक्टर डोईवाला राजेश साह की टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
ईद मनाने के लिए चोरी करने दून तक आ गए
आरोपियों ने पूछताछ में बताया, उनके पास ईद-उल-अजहा मनाने के लिए पैसा नहीं था। इसलिए एटीएम काटकर चोरी की योजना बनाई। 26 जून की सुबह कार से देहरादून आए। पहले रेकी की और ऐसे एटीएम को चुना जहां सुरक्षा गार्ड नहीं रहता है। फ्लाईओवर की सर्विस लेन पर रात में ट्रैफिक भी नहीं आता है। इसलिए उन्होंने इसे ही लक्ष्य बनाया। तीन लोग एटीएम के अंदर घुसे और दो को बाहर निगरानी के लिए रखा। तीसरे व्यक्ति ने शटर के नीचे चादर लगाई ताकि अंदर जो चिंगारी निकल रही थी वह बाहर से न दिखे।
त्योहार खत्म होते ही मारा छापा
एसएसपी ने बताया, पुलिस टीम मेवात में 29 जून को ही पहुंच गई थी। लेकिन, वहां ईद-उल-अजहा का त्योहार मनाया जा रहा था। वहां कानून व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती थी। ऐसे में टीम ने इंतजार किया और त्योहार खत्म होते ही आरोपियों को गिरफ्तार किया। बता दें कि मेवात में कई बार पुलिस टीम पर हमले की बातें भी सामने आई हैं। वर्ष 2018 में देहरादून एसओजी की टीम पर भी इसी इलाके में हमला किया गया था।
डाट काली मंदिर पर बदली नंबर प्लेट
चोरी करने के लिए आरोपी सहारनपुर के रास्ते देहरादून आए थे। उन्होंने कार पर डाट काली मंदिर के पास दूसरी नंबर प्लेट लगाई। कार हरियाणा नंबर की थी जिस पर दिल्ली नंबर की प्लेट लगाई गई थी।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: मौसम की सटीक जानकारी के लिए प्राइवेट एजेंसियों की सेवाएं लेगी सरकार, यहां पढ़िए पूरा प्लान
2021 में हरिद्वार में भी काटा था एटीएम
हामिद नाम का आरोपी 2021 में भी हरिद्वार में एटीएम काटने की घटना में शामिल था। उसने पुलिस पर गोली भी चलाई थी। तभी से वह फरार था। इसके अलावा आरोपियों के खिलाफ दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में इसी तरह की घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है।