नगर पालिका विकासनगर ने स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सामाजिक, व्यापारिक संगठनों, छात्रों, कर्मचारियों और पत्रकारों को सम्मानित किया। बृहस्पतिवार को मुख्य अतिथि विधायक मुन्ना सिंह और विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि अंग्रेजी में एक कहावत है कि स्वच्छता ईश्वर के निकट होती है। पूजा पाठ से पहले भी सफाई की जाती है। इसी तरह हमें अपने गली मोहल्लों को भी स्वच्छ बनाना है। उन्होंने नगर पालिका को स्वच्छता और वर्षा जल प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए बधाई दी। नगर पालिका अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना हर एक शहरवासी का काम है। शहर के लोगों की जागरूकता के कारण ही नगर पालिका स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर नित नई उपलब्धियां प्राप्त कर रही है।अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने सहयोग के लिए सभी का आभार प्रकट किया। इस दौरान नगर पालिका ब्रांड एंबेसडर सुरेश रावत, राजकुमार जैन, नीरज अग्रवाल, शांति जुवांठा, वरिष्ठ सभासद धर्मेंद्र ठाकुर, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता, शक्ति एक उम्मीद फाउंडेशन की अध्यक्ष कुसुम कौशल, सचिव बलजीत सिंह, मीडिया सलाहकार डॉ. रेखा रमोला, सभासद अंकित जोशी, आदि को सम्मानित किया गया।