इन दिनों खेल प्रेमियों में क्रिकेट का बुखार जमकर चढ़ा हुआ है। आईसीसी वर्ल्ड कप के मैदान में आज यानी शनिवार को भारतीय टीम अपना तीसरा मुकाबला खेलने उतरेगी। पाकिस्तान टीम के साथ होने वाले इस मुकाबले को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। उधर, वर्ल्ड कप के मुकाबलों को उत्तराखंड के डॉ. कमल शर्मा अपनी बेटी कीर्ति शर्मा के साथ अपने कैमरे में कैद कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
डॉ. कमल शर्मा बीते तीन दशक से आईसीसी के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में फोटोग्राफी करने का काम कर रहे हैं। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, कपिल देव, सौरभ गांगुली समेत दर्जन भर क्रिकेटरों की फोटोग्राफी कर चुके हैं। उन्होंने 11 आईसीसी विश्व कप, 415 एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय, यूरोपीय गोल्फ टूर्नामेंट के साथ-साथ अन्य अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। मास कॉम की पढ़ाई करने के बाद कीर्ति ने भी अपने पिता के नक्शे कदम पर चलना शुरू किया। आज वह भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में फोटोग्राफी और रिपोर्टिंग कर रही हैं। कीर्ति ने बताया, वह बीते पांच साल से अपने पिता की फोटो प्रदर्शनी देखने जाती थीं। यहीं से उन्हें फोटोग्राफर बनने की प्ररेणा मिली। कीर्ति दून के एक निजी विश्वविद्यालय में बतौर सहायक प्रो. के पद पर कार्यरत है। दावा करते हुए कहा, उनके पिता और वह उत्तराखंड के एकलौते ऐसे फोटोग्राफर हैं जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट व क्रिकेटरों की फोटोग्राफी कर रहे हैं।
Iकमल पांच बार जा चुके हैं पाकिस्तानI
डॉ. कमल ने बताया, अंतरराष्ट्रीय मैच में फोटोग्राफी करने के मकसद से वह पांच बार पाकिस्तान गए हैं। वहीं, क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर की फोटो क्लिक करना उनके लिए सालों से सजाए सपने का साकार होने जैसा था।