माय सिटी रिपोर्टर देहरादून कोरोना वायरस के चलते लागू लाकडाउन ने जहां लोगों की मुसीबतें बढ़ गई हैं, वहीं तमाम सरकारी विभागों के सामने गंभीर वित्तीय संकट खड़ा होने के साथ ही कई परियोजनाएं भी अधर में लटकती नजर आ रही हैं । परिवहन निगम प्रबंधन इलेक्ट्रिक व सीएनजी बसों की खरीद व उनके संचालन को लेकर नए सिरे से विचार करने में जुट गया है । इलेक्ट्रिक व सीएनजी बसें खरीदी जाए और उनका संचालन किया जाए या नहीं इसका फैसला लॉक डाउन समाप्त होने के बाद ही लिया जा सकता है । बता दें कि परिवहन निगम प्रबंधन ने सामान्य बसों के साथ ही इलेक्ट्रिक व सीएनजी बसों के संचालन का फैसला किया था । योजना के तहत पहले चरण में 50 इलेक्ट्रिक व 10 सीएनजी बसें खरीदने की योजना बनाई गई थी । इतना ही नहीं सीएनजी बसों की खरीद को लेकर नई दिल्ली की इंद्रप्रस्थ नामक कंपनी से समझौता भी हो गया । फरवरी-मार्च में ही बसों की आपूर्ति भी होनी थी । लेकिन कोरोना वायरस के चलते फिलहाल मामला अधर में लटक गया है । अब परिवहन निगम प्रबंधन इस बात पर विचार विमर्श कर रहा ही बसों का संचालन किया जाए या नहीं ? कारण कि जिस तरीके से परिवहन निगम प्रबंधन की वित्तीय हालत है उसे देखते हुए बसों की खरीद करना फिलहाल संभव नजर नहीं आ रहा है ।इस संबंध में जब परिवहन निगम महाप्रबंधक दीपक जैन से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि लाकडाउन समाप्त होने के बाद ही संबंध में आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।