Iडाकपत्थर में चल रही रामलीला में अंगद और रावण संवाद का मंचनI
क्षेत्र में रामलीला को लेकर लोगों में उत्साह बना हुआ है। बड़ी संख्या में लोग मंचन देखने पहुंच रहे हैं। श्रीराम लीला समिति की ओर से नेहरू मार्केट डाकपत्थर में चल रही रामलीला में अंगद और रावण संवाद का मंचन किया गया।
रावण को समझाने और सोए हुए विवेक को जगाने के लिए राम का संदेश लेकर पहुंचे अंगद को रावण और उसके दरबारियों ने हेय दृष्टि से देखा। समझाने की कई कोशिशों के बावजूद जब रावण के दरबारियों पर कोई असर नहीं हुआ तो क्रोधित अंगद ने अपना पैर जमीन पर टिकाते हुए उसे हिलाने की चेतावनी दे डाली। रावण का कोई भी वीर उसे डिगाने में कामयाब नहीं हो पाया।
एक दृश्य में मेघनाथ और लक्ष्मण के बीच युद्ध को दिखाया गया। इस मौके पर अंशित तिवारी, शिवम ठाकुर, राहुल पाल, अभिनव चौहान, विपिन, सौरभ उनियाल, विपिन, किशन शर्मा, विपिन पाल आदि मौजूद रहे।
सरस्वती कला मंच की ओर से आयोजित रामलीला में अशोक वाटिका, अक्षय कुमार वध, सीता रावण संवाद, मेघनाथ हनुमान संवाद, रावण हनुमान संवाद, लंका दहन का मंचन किया गया। एक दृश्य में दिखाया गया कि हनुमान जी लंका में प्रवेश करते हैं। उन्हें मंदिर में साधु के वेश में एक व्यक्ति राम नाम का जाप करता दिखाई देता है।
पूछने पर पता चलता है कि वह रावण का भाई विभीषण है। विभीषण हनुमान को बताते हैं कि सीता को वाटिका में रखा गया है। वाटिका पहुंच कर हनुमान जी मां सीता के सामने मुद्रिका फेंकते हैं। सीता जी कहती हैं, आप जो भी हैं, मेरे सामने आएं। हनुमान जी सीता को सारा वृतांत बताते हैं। एक दृश्य में दिखाया गया कि हनुमान जी वाटिका उजाड़ देते हैं। जिस पर रावण अपने पुत्र अक्षय कुमार को भेजता है। अक्षय कुमार हनुमान के हाथों मारा जाता है। इस मौके पर विनीत रोहिला, रविंद्र सैनी, विकास शर्मा, प्रदीप ठाकुर, लक्ष्मी कोठियाल, राकेश गुलेरिया आदि मौजूद रहे।
नवयुवक रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला में हनुमान का लंका में प्रवेश, अक्षय कुमार वध, रावण-हनुमान संवाद का मंचन किया गया। रामलीला समिति श्री सिद्ध हनुमान मंदिर गुडरिच उदियाबाग टी-स्टेट में बतौर मुख्य अतिथि एडवोकेट गुरमेल सिंह राठौड़ सातवें दिन के मंचन का उद्घाटन किया। संचालन अतुल शर्मा ने किया।