कालसी। क्षेत्र के प्रसिद्ध महासू चालदा देवता मंदिर थैना मंदिर में ठंंडली का निर्माण कार्य हो गया है। स्थानीय प्राचीन मंदिरों में ठंडली ऐसे स्थान को कहा जाता है जहां, मंदिर के पवित्र रसोईघर सहित देवता के कारिंदें बैठते हैं। मंदिर समिति की ओर से आधुनिक तरीके से बनाई गई ठंडली में भी मंदिर का पवित्र रसोईघर और देवता के कारिंदों के बैठने का स्थान बनाया गया है। मंदिर समिति के अध्यक्ष अधिवक्ता संजय भट्ट ने बताया कि आगामी नौ मार्च को मंदिर में खत पंंजगांव के 22 ग्रामों के श्रद्धालुओं की उपस्थिति में विशेष पूजा अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा। सुबह नौ बजे से प्रारंभ होने वाले कार्यक्रम में मंदिर के पुजारी विशेष पूजा अनुष्ठान करेंगे और शुभ मुहूर्त में पुरानी ठंडली को नवनिर्मित परिसर में स्थानांतरित की जाएगी। इस अवसर पर मंदिर में नया कलश भी लगाया जाएगा। इसके बाद भंडारा आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि पुरानी ठंडली के स्थान को बहुउद्देशीय मैदान का स्वरूप दिया जाएगा। संवाद