महाविद्यालय में नहीं है स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम
विकासनगर और देहरादून का रुख करते हैं छात्र छात्राएं
तहसील क्षेत्र के युवा उच्च शिक्षा के विकासनगर और देहरादून पलायन को मजबूर है। पंडित शिवराम राजकीय महाविद्यालय में केवल स्नातक पाठ्यक्रम ही संचालित किए जा रहे है। छात्र संगठन और युवा लंबे से राजकीय महाविद्यालय में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग कर रहे हैं।
पंडित शिवराम राजकीय महाविद्यालय त्यूणी में वर्ष 2017 से स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग की जा रही है। यहां कॉलेज में करीब 300 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं। यहां स्नातक करने के बाद छात्र-छात्राओं के लिए आगे की पढ़ाई का संकट पैदा हो जाता है। छात्र-छात्राओं के पास आगे की पढ़ाई छोड़ना या पलायन करना ही विकल्प होते हैं।
असल में त्यूणी से सबसे नजदीकी स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर में है। इसकी दूरी त्यूणी से करीब 120 किलोमीटर है। विकासनगर-त्यूणी रूट पर केवल एक रोडवेज बस संचालित की जा रही है। ऐसे में छात्र-छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए विकासनगर, डाकपत्थर या आसपास क्षेत्रों में किराए के कमरे लेकर पढ़ाई करनी पड़ती है।
त्यूणी तहसील क्षेत्र के कई छात्र ऐसे हैं जो पढ़ाई के लिए देहरादून के स्नातकोत्तर महाविद्यालय का रुख करते हैं। वर्ष 2017 से महाविद्यालय प्रशासन स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम संचालित करने के लिए शासन को लगातार प्रस्ताव भेज रहा है। वित्त वर्ष 2022-23 में भी प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन मामला शासन स्तर पर अटका हुआ है।
वर्जन
महाविद्यालय में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम संचालित करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव को वित्त विभाग से स्वीकृति नहीं मिल पाई है। छात्रों की मांग से भी शासन प्रशासन को अवगत कराया जाएगा।
- डॉ अंजना श्रीवास्तव, प्राचार्य, पंडित शिवराम राजकीय महाविद्यालय