शिमला बाईपास के किनारे स्थित जंगलों से निकलने वाले बरसाती नालों का पानी मार्ग पर चलने वाले वाहनों के लिए खतरनाक बना हुआ है। प्रशासन ने शिमला बाईपास मार्ग पर फिलहाल छोटे वाहनों के संचालन पर रोक लगाई हुई है लेकिन वाहन बिना रोकटोक आवाजाही कर रहे हैं।
शिमला बाईपास के बरसती नाले उफान पर होने के कारण मार्ग पर पड़ने वाले रपटों पर वाहनों के फंसने का सिलसिला जारी है। जिसके चलते तहसील प्रशासन ने रपटों में पानी आने तक बाइक व कार आदि छोटे वाहनों के शिमला बाईपास से संचालन पर रोक लगाते हुए धर्मावाला से वाया हरबर्टपुर वाहनों को डायवर्ट किया हुआ है।
शिमला बाईपास मार्ग के धर्मावाला चौक पर ट्रैफिक डायवर्ट करने के लिए लगाए गए बैरिकेड पर पुलिसकर्मियों के मौजूद नहीं रहने से वाहन चालक बेरोकटोक बाईपास पर चले जा रहे हैं। उप जिलाधिकारी विनोद कुमार ने कहा कि मामले की जांच करके आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।