सोशल मीडिया पर छात्रों के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति छात्रों के साथ मारपीट करता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला के एक विश्वविद्यालय का बताया जा रहा है। आरोप है कि वार्डन ने छात्रों की पिटाई की है।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति अचानक से एक कमरे में आता है और छात्रों को बुरी तरह से पीटने लगता है। वहीं दूसरे वीडियो में एक छात्र अस्पताल के बेड पर बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है। छात्र कह रहे है कि वार्डन ने उनके साथी के साथ मारपीट की है। एक तीसरा वीडियो भी है, जिसमें एक पीड़ित छात्र साथी छात्रों को वार्डन की शिकायत के समय मुकरने पर धमकी देते हुए नजर आ रहा है। इस बीच एक छात्र अपने हाथ पर नाखून का निशान दिखाता है।
वहीं वीडियो में सामने बैठा एक अन्य पीड़ित छात्र सिर और पेट पर मुक्के मारने की बात कहते हुए अपनी गुम चोटों को दिखाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। छात्रों का उपचार करने वाले चिकित्सक से भी दो बार बात करने की कोशिश की गई, लेकिन मामले की जानकारी मांगते ही उन्होंने फोन काट दिया। विश्वविद्यालय प्रबंधन से भी संपर्क करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन मामले में कोई भी कुछ नहीं कह रहा है।