प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री नित्यानंद स्वामी की याद में बनाए जा रहे स्मृति द्वार का शहरी विकास मंत्री ने शिलान्यास किया। इस अवसर पर नित्यानंद को याद किया गया।
दरअसल, मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण की ओर से धर्मपुर विधानसभा आशारोड़ी पर स्मृति द्वार बनाया जा रहा है। सोमवार को इसका शिलान्यास शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक धर्मपुर विनोद चमोली की मौजूदगी में किया गया। द्वार निर्माण की घोषणा वन मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा नित्यानंद स्वामी की जयंती पर मुख्य सेवा सदन में नित्यानंद स्वामी जन सेवा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में की गई थी।
शिलान्यास के अवसर पर नित्यानंद स्वामी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल ने कहा कि नित्यानंद को लोग आज भी उनकी सादगी, व्यवहार कुशलता और हर सुउपलब्धता के लिए याद करते हैं। इस अवसर पर नित्यानंद स्वामी जन सेवा समिति के अध्यक्ष आरके बख्शी, नित्यानंद स्वामी की बेटी ज्योत्सना शर्मा द्वारा स्मृति द्वार निर्माण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का आभार जताया गया। इस अवसर पर नित्यानंद स्वामी जन सेवा समिति के पदाधिकारीगण पीपी शर्मा, ओमवीर सिंह राघव केपी सिंह, विनायक शर्मा स्वामी, गीतिका आदि उपस्थित थे।