नलकूप विभाग ने आठ दिन बाद ट्यूबवेल में नई केबल डालकर उन्हें चालू करा दिया है। इससे किसानों ने राहत की सांस ली है। एक सप्ताह पहले सहसपुर के हसनपुर, सभावाला, हरबर्टपुर के आदुवाला और विकासनगर के बरोटीवाला क्षेत्र में सिंचाई विभाग के नलकूप खंड से संबंधित ट्यूबवेल की केबल अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली थी। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा था। लगातार शिकायत के बाद नलकूप विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। अब ट्यूबवेल की केबल लगा दी गई है। आदुवाला पंचायत के प्रशासक ब्रिजेश कुमार, हसनपुर पंचायत के प्रशासक शराफत अली, सभावाला की पंचायत प्रशासक गुलिस्तां ने बताया कि क्षेत्र में दो, चार बीघा जमीन में सब्जी उगाकर अपनी आजीविका चलाने वाले किसानों की संख्या अधिक है। यदि आठ दिनों तक सब्जी की फसल को पानी नहीं मिलता है तो वह सूख जाती है। यही स्थिति फिलहाल आम व लीची के बागों की भी है। उन्होंने कहा कि केबल चोरी की घटनाओं पर सख्ती होनी चाहिए। विभाग को नई केबल का इंतजाम तुरंत करना चाहिए था। नलकूप खंड के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि केबल के लिए कागजी औपचारिकता करने में थोड़ा समय लगता है। अभी क्षेत्र के सभी ट्यूबवेल को चालू करा लिया गया है। संवाद