परिवहन निगम ने कांवड़ मेले में रोडवेज बसों के संचालन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। निगम के जीएम संचालन दीपक जैन ने कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
जीएम ने कहा है कि कांवड़ के दौरान ऋषिकुल मैदान, चंडीघाट, गौरी शंकर, मोतीचूर अस्थायी बस स्टेशनों से रोडवेज बसों का संचालन राउंड द क्लॉक ट्रैफिक प्लान के अनुसार किया जाएगा। निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला-पुलिस प्रशासन की ओर से मार्ग परिवर्तन, ट्रैफिक प्लान जारी करने पर निगम व डिपो को सूचित जरूर करें। कहा, वाहनों का शहर में प्रवेश वर्जित करने की दशा में अस्थायी बस स्टेशनों में पूछताछ कक्ष स्थापित कराएं। इनमें पर्यवेक्षक, लिपिक व कर्मचारियों की पर्याप्त मात्रा में तैनाती कराई जाए। मंडलीय प्रबंधक (संचालन) देहरादून मंडल की देखरेख में यह व्यवस्था की जाएगी।
कहा गया कि हरिद्वार डिपो में कर्मचारियों की कमी के मद्देनजर अस्थायी बस स्टेशनों पर पीआरडी व सुरक्षा गार्ड की तैनाती की जाए। अस्थायी बस स्टेशनों पर कर्मचारियों के ड्यूटी के दौरान ठहरने व रात्रि विश्राम के लिए आवश्यक सुविधाओं का प्रबंध किया जाएं। कहा गया कि प्राइवेट पंपों से डीजल लेने की व्यवस्था रखें। कांवड़ मेला अवधि में सीनियर फोरमैन की मांग के अनुसार वाहनों के कलपुर्जे, स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध कराना तय करें। कांवड़ मेला अवधि में निगम वाहनों की ऑन लाइन बुकिंग का कार्य जारी रखा जाए।