आईएसबीटी बस अड्डा पर महिलाओं के लिए बनाए गए शौचालय की सही ढंग से साफ सफाई नहीं की जा रही है। वॉश बेसिन की टोंटियों में पानी नहीं आ रहा है। तीन शौचालयों में से एक में ताला लगा है और दो अन्य में सही ढंग से सफाई नहीं हो रही।
आईएसबीटी बस स्टैंड पर दिनभर में हजारों यात्री आते हैं। जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के लिए अफसर कह चुके हैं। इसके बाद भी बस अड़्डे पर कर्मचारी सुविधाओं को लेकर ध्यान नहीं दे रहे। शौचालय की नियमित तौर पर साफ सफाई नहीं की जा रही है।
शनिवार को बस अड्डे के महिला शौचालय की स्थिति देखी गई तो यहां तीन शौचालयों में से एक पर ताला लगा मिला, जबकि दो अन्य शौचालय इतने गंदे थे कि उसका इस्तेमाल तक लोग नहीं कर पा रहे थे। इसके साथ ही हाथ धोने के लिए वॉश बेसिन की टोंटियों में पानी गायब था।
शौचालयों में न तो सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है और न ही रखरखाव पर। इस दौरान कोई सफाई कर्मचारी यहां नजर नहीं आया। महिलाओं को शौचालय की पर्याप्त सुविधा नहीं मिलने के कारण उन्हें शुल्क देकर स्मार्ट शौचालय में जाना पड़ रहा है।
एमडीडीए के सहायक अभियंता सुधीर गुप्ता ने बताया कि बस अड्डा परिसर में साफ सफाई के पूरे इंतजाम किए गए हैं। अगर गंदगी या रखरखाव में कोई कमी है तो उसे दूर कराया जाएगा।