दून के परेड ग्राउंड में राज्य का पहला रोलर हॉकी रिंक बनाया जा रहा है। डीएम सोनिका ने रोलर हॉकी रिंक के निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। डीएम ने शहर में स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सहारनपुर रोड, जीएमएस रोड, चकराता रोड, बिंदाल पुल, परेड ग्राउंड एवं पवेलियन में संचालित कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि खेल सुविधाओं को विकसित करने के लिए किए जा रहे कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें। उन्होंने स्केटिंग बोर्ड ग्राउंड निर्माण कार्यों को फरवरी तक पूरा कराने की समयसीमा दी।
जिलाधिकारी ने परेड ग्राउंड में बनाए जा रहे साइकिल ट्रैक के निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने बताया किया कि साइकिल ट्रैक का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिलाधिकारी ने ट्रैक को लोगों के लिए खोलने तथा साइकिल ट्रैक के लिए साइकिलें रखवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परेड ग्राउंड में शेड लगाने के निर्देश दिए, ताकि धूप में लोग शेड में बैठ सकें। रेंजर्स ग्राउंड में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यों में तेजी लाने तथा रेंजर्स ग्राउंड के भीतर चारों ओर ट्रैक बनाने एवं फील्ड पर पिच निर्माण करने के साथ ही टॉयलेट बनवाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तिब्बती मार्केट के सामने स्मार्ट सिटी, सिटीज प्राजेक्ट के अन्तर्गत विकसित किए गए चिल्ड्रेन पार्क का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर तथा अन्य क्षेत्रों में खाली जगह को चिह्नित किया जाए, ताकि ऐसे स्थानों को छोटे-छोटे चिल्ड्रेन पार्क विकसित किए जा सकें। उन्होंने सड़क किनारे फुटपाथ कार्यों सहित सड़क चौड़ीकरण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने को कहा। इस अवसर अधिशासी अधिकारी प्रवीण कुश, गिरीश पुंडीर, सुनील रावत, वर्तिका ध्यानी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।