नौ नवंबर को रिलायंस ज्वेल्स शोरूम में हुई डकैती को राज्य सरकार की विफलता और लचर कानून व्यवस्था का परिणाम बताते हुए कांग्रेसियों ने गांधी पार्क में धरना देकर जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया।
महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि राज्य की स्थापना दिवस पर जिस दिन राष्ट्रपति भी शहर में थीं, उस दिन डकैती की घटना स्पष्ट संकेत है कि भाजपा सरकार में न कानून व्यवस्था ठीक नहीं है। मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि राज्य में इन्वेस्टर समिट कराने जा रहे हैं। छह दिन बाद भी पुलिस डकैतों को नहीं पकड़ पाई। विगत महीनों में पहले तो देहरादून नें डेंगू की विकराल समस्या झेली।
सरकार केवल डेंगू से हुई जनहानि को छिपाने में लगी रही। इस अवसर पर पूरन सिंह रावत, मनीष नागपाल,उर्मिला थापा अभिषेक तिवारी,राजेश उनियाल, विकास पुंडीर ,लकी राणा आदि मौजूद रहे। महानगर के पूर्व अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने भी राष्ट्रपति के दौरे के दौरान दून में शो रूम में डकैती की घटना को बिगड़ती कानून व्यवस्था का नतीजा बताया।