अंधेरे में जमीन नापने पहुंची राजस्व विभाग की टीम को ग्रामीणों ने बैरंग लौटा दिया। ग्रामीणों ने टीम में शामिल राजस्व कर्मियों को खरीखोटी भी सुनाई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। ग्रामीणों ने दिन के उजाले में नपाई करने की मांग की।
विकासनगर तहसील के शेरपुर में पंचायत की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पंचायत की जमीन से लगती ही निजी भूमि भी है। इस सिलसिले में महिला लेखपाल डिंपल के नेतृत्व में बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे टीम गांव पहुंची। अंधेरे में नापछाप करने पर कड़ी आपत्ति जताई। लोगाें ने मौके पर जमकर हंगामा काटा।
सामाजिक कार्यकर्ता सुमन भट्ट का कहना था कि मौके पर जनप्रतिनिधि भी मौजूद नहीं हैं। हंगामे की सूचना पर चौकी प्रभारी सभावाला विवेक राठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाया। एसडीएम विनोद कुमार ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं हैं। अंधेरे में नापछाप का कोई औचित्य नहीं है। इसे लेकर संबंधित लेखपाल से स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।