16 अगस्त को भूस्खलन के कारण जाखन गांव के पास धंस गया था मोटर मार्ग
50 किमी की अतिरिक्त दूरी नाप कर ब्लॉक और तहसील मुख्यालय पहुंच रहे लोग
लांघा मटोगी मार्ग पर लोक निर्माण विभाग 12 दिन बाद भी वाहनों की आवाजाही सुचारु नहीं कर सका है। ग्रामीणों ने विभाग को आईना दिखाते हुए श्रमदान कर मार्ग को दोपहिया वाहनों के लिए खोल दिया। मार्ग बंद होने के दौरान ग्रामीण 50 किमी की अतिरिक्त दूरी नाप कर ब्लॉक और तहसील मुख्यालय पहुंच रहे हैं।
बीती 16 जून को भूस्खलन से मोटर मार्ग जाखन गांव के समीप धंस गया था। जिस कारण वाहनों की आवाजाही ठप हो गई थी। ग्रामीणों ने श्रमदान कर दोपहिया वाहनों के लिए मार्ग खोल दिया। प्रधान कमल सिंह कल्लू, सूरत सिंह, दुलीचंद, राकेश, नितेश, सुभाष चंद आदि ने बताया कि 16 किमी लंबी इस सड़क से पष्टा, जाखन, खुलैत, मदर्सू, चिमालया, कौल, मटोगी, निगरोडा समेत एक दर्जन से अधिक गांवों की आवाजाही जुड़ी है। पहले ग्रामीण वाया लांघा होकर 24 किमी दूर स्थित विकासनगर पहुंचे थे, लेकिन अब उन्हें वाया हथियारी होकर 40-50 किमी की दूरी अधिक नापनी पड़ रही है। जिससे समय की भी बर्बादी हो रही है। ग्रामीणों ने मार्ग न खोलने पर विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
वर्जन
विभाग हल्के वाहनों के लिए सड़क को खोलने के लिए प्रयासरत है। क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। जिस कारण सड़क को नहीं खोला जा सका है। मौसम साफ होते ही जेसीबी लगाकर मार्ग को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। - प्रदीप सैनी, सहायक अभियंता, लोनिवि निर्माण खंड देहरादून