एक सप्ताह से मोटर मार्ग बंद, खुद मलबा हटाने में जुटे लोग
कोठा बैंड से चंदोऊ-सैंज मोटर मार्ग जगह-जगह बंद होने से क्षेत्र के ग्रामीणों की परेशानी बढ़ रही है। एक सप्ताह के बाद भी विभागीय स्तर से मलबा हटाने की कार्रवाई नहीं होने के कारण ग्रामीण खुद ही श्रमदान करके मलबा हटा रहे हैं।
कोठा बैंड से चंदोऊ व सैंज को जाने वाले 9 किलोमीटर लंबे मार्ग पर जगह-जगह मलबा आने के कारण ग्रामीणों की आवाजाही ठप हो गई है। ग्रामीण नरेंद्र सिंह तोमर, बलबीर सिंह तोमर, ह्रदय सिंह तोमर ने बताया कि उन्होंने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों से कई बार शिकायत करके मार्ग को खोले जाने की मांग की लेकिन अभी तक विभाग के स्तर से इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इसी कारण ग्रामीणों ने एकत्रित होकर मार्ग पर आए मलबे की सफाई के कार्य को शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि कई स्थानों से मलबे को साफ करके आवाजाही को बहाल किया गया है। श्रमदान करने वालों में हरि सिंह तोमर, इंदर सिंह, प्रताप सिंह, जवाहर सिंह, चतर सिंह, सुरत सिंह तोमर आदि शामिल रहे।
त्यूणी क्षेत्र में जन जीवन अस्त-व्यस्त
भूस्खलन से घर, फसल और पेड़-पौधों को हुआ है नुकसान
तेज वर्षा के कारण भूस्खलन होने से क्षेत्र में कई ग्रामीण परिवार मुसीबत में आ गए। वर्षा के चलते जगह-जगह पहाड़ दरकने से मकानों को खतरा पैदा हो गया। भूस्खलन से बड़ी संख्या में प्रभावित स्थानीय किसानों के खेत, नकदी फसलें व फलदार पेड़ मलबे में बह गए। आपदा से पीड़ित ग्रामीणों ने सरकार से मदद मांगी है।
जौनसार-बावर में आपदा के कहर से सैकडों ग्रामीण प्रभावित हुए हैं। त्यूणी तहसील के भूठ पंचायत, बगूर, हरटाड़-छजाड़, चौसाल समेत आसपास के कई गांवों में कृषि भूमि और सेब के बगीचे प्राकृतिक आपदा की भेंट चढ़ गए हैं। तेज वर्षा से पीएमजीएसवाई के तहत बने हरटाड़-छजाड़-भूठ मार्ग पर सड़क की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने से भूठ निवासी पान सिंह व अरविंद सिंह के दो मकानों के गिरने का खतरा पैदा हो गया है।
कांडा गांव में कृपाल सिंह राणा के मकान के पास भूस्खलन होने से सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हाे गई जिससे मकान को खतरा बना हुआ है। ग्राम भूटान में गंभीर सिंह पंवार के बगीचे में भूस्खलन होने से सेब के डेढ़ सौ पौधे उखड़ गए। ग्राम डिरनाडं में अधिक वर्षा होने के कारण सड़क के बीच का हिस्सा गायब हो गया। प्रदीप चौहान, नीतू चौहान, कमल चौहान ने बताया डिरनाड संपर्क मोटर मार्ग पर अस्थाई व्यवस्था करके आवाजाही की जा रही है। नायब तहसीलदार ग्यारू दत्त जोशी ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में हुए नुकसान की रिपोर्ट बनाकर प्रशासन को भेजी जा रही है।
छात्र-छात्राओं के लिए खतरा बना भूस्खलन
पंडित शिवराम राजकीय महाविद्यालय तक जाने वाले रास्ते पर पत्थर और मलबा गिरने से छात्र और शिक्षकों को खतरा उत्पन्न हो गया है। छात्रसंघ अध्यक्ष आदित्य जोशी ने बताया पिछले चार दिनों से महाविद्यालय के मार्ग पर मलबा पड़ा हुआ है जिसे साफ करने में लापरवाही बरती जा रही है। उधर लोनिवि के कनिष्ठ अभियंता एसएन नेगी ने बताया कि सभी जेसीबी मार्ग खोलने में लगी हुई हैं। जल्दी ही महाविद्यालय के मार्ग को भी खोला जाएगा।