देहरादून। दून पुलिस ने एक बार फिर ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए एक व्यक्ति का खोया हुआ पर्स लौटाया है। पर्स में नकदी के साथ जरूरी दस्तावेज रखे थे, जिन्हें पाकर पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आठ जनवरी की रात पटेलनगर थाना क्षेत्र की बाजार चौकी में तैनात कांस्टेबल जयपाल ड्यूटी पर थे। इसी दौरान उन्हें चौकी के पास सड़क पर एक लावारिस पर्स मिला, जिसमें 7200 रुपये नकद और कई पहचानपत्र मौजूद थे। जयपाल ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी। पर्स में मिले दस्तावेजों के आधार पर संबंधित व्यक्ति की खोजबीन शुरू की और पर्स के असली मालिक का पता लगा लिया। उन्हें बाजार चौकी बुलाकर औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पर्स सौंप दिया। अपनी मेहनत की कमाई और जरूरी कागजात सुरक्षित पाकर व्यक्ति भावुक हो उठे और धन्यवाद किया। मा.सि.रि.