नियुक्ति समेत विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच करने पहुंचे योग प्रशिक्षित बेरोजगारों को पुलिस ने रोक लिया। इससे प्रदर्शनकारी और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। हालांकि, बाद में सचिव से वार्ता के आश्वासन पर वह मान गए।
शनिवार दोपहर योग प्रशिक्षित बेरोजगार महासंघ के बैनर बेरोजगार परेड ग्राउंड में एकत्र हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए वह कनक चौक से राजपुर रोड की ओर निकले। कनक चौक पर पहले से मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। इस बीच पुलिस व बेरोजगारों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बाद में बेरोजगार सचिव से 27 अगस्त को वार्ता का आश्वासन मिलने पर शांत हुए। महासंघ के अध्यक्ष अमित नेगी ने चेतावनी देते हुए कहा, जल्द ही राजकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालय परिसरों एवं प्रत्येक जनपद के एक-एक राजकीय इंटर कॉलेज में योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो योग प्रशिक्षित बेरोजगार दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में राम कंडवाल, सुशील कैंतुरा, बिट्टू वर्मा, दीपक पैन्यूली, कुमार मंगलम सेमवाल, रमेश शर्मा आदि मौजूद रहे।