साथी की हत्या करने के आरोपी को पुसिल ने नौ साल बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 2014 में साथी की हत्या करने का आरोप था जो कि अगले साल जमानत पाकर फरार हो गया। कोर्ट से उसके खिलाफ बार-बार वारंट जारी किए जा रहे थे। अब आरोपी को शामली के कांधला से गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि 2014 में जाखन निवासी फिरोज की हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच में पता चला था कि फिरोज शामली के कांधला निवासी दीपक पंवार और दिगपाल सिरोही उर्फ बॉबी सिरोही के साथ मिलकर प्रॉपर्टी का काम करता था। इन दोनों ने फिरोज व एक अन्य साथी राहुल देवगन पर जानलेवा हमला किया था।
इसमें फिरोज की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि, राहुल देवगन ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई थी। इस मामले में सिरोही और दीपक के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। प्रकरण में दीपक कुमार को अगले साल 2015 में न्यायालय से जमानत मिल गई।
आसमान ने बरसी नेमत: बदरीनाथ में चार दिन से हो रही बर्फबारी, जमी पांच फीट तक बर्फ, दिखा अद्भुत नजारा, तस्वीरें
तब से वह कोर्ट की कार्यवाही में शामिल नहीं हो रहा था। उसके खिलाफ कई वारंट जारी किए गए थे। लेकिन, वह अपने मूल पते पर भी नहीं मिल रहा था। अब वारंटियों की गिरफ्तारी के अभियान में दीपक पंवार की गिरफ्तारी को चौकी प्रभारी जाखन विकेंद्र चौधरी की टीम को लगाया गया।
पुलिस टीम ने शामली जिले में कई दबिश दी। इस बीच पता चला कि वह अपने ठिकाने लगातार बदल रहा है। अब आरोपी को कांधला स्थित एक मकान से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी दीपक पंवार मूल रूप से कांधला के गांव अलम का रहने वाला है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।