सभी स्कूलों में योग शिक्षकों की भर्ती करने की मांग को लेकर योग प्रशिक्षित बेरोजगारों का शिक्षा निदेशालय, नरूरखेड़ा में छठवें दिन भी धरना जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कई बार पूर्व की सरकारों में योग शिक्षकों की नियुक्ति का प्रस्ताव मंत्रीमंडल में भी पारित हो चुका था। इतना ही नहीं 23 सितंबर को मुख्यमंत्री ने भी योग शिक्षकों की नियुक्ति की घोषणा की थी। लेकिन अभी तक नियुक्ति नही हो पाई। बेरोजगारों ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावी साल में सरकार झूठे वादे करने का काम कर रही है। हम बीते छह दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन सरकार हमारी मांगों को अनदेखा करने का काम कर रही है। इस संबंध में बेरोजगार सीएम, मंत्री से लेकर विधायकों को भी ज्ञापन सौंप चुके हैं। इस मौके पर अमित नेगी, दीपक प्रियदर्शी, मनोज गुसाईं, नितिन पंवार, रमेश शर्मा आदि मौजूद रहे।