बारिश के कारण हुए जलभराव से प्रभावित ओगलभट्टा सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शालिनी सिंह को ज्ञापन सौंपकर जलभराव से हुए नुकसान का मुआवजा देेने की मांग है।
वार्ड-78 के पार्षद रमेश कुमार मंगू, पूर्व विधायक राजकुमार, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा के साथ ओगलभट्टा, क्लेमेंटटाउन, राजपुर, नवादा व अन्य क्षेत्रों के लोग डीएम कार्यालय पहुंचे। पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि जलभराव से लोगों का काफी सामान खराब हो गया है। स्मार्ट सिटी के नाम पर शहर की हालत बदतर हो रही है। हर कॉलोनी की सड़कें बदहाल हैं, जिनमें गिरकर लोग चोटिल हो रहे हैं। रिस्पना व बिंदाल नदी के पुश्ते, सुरक्षा दीवार जगह-जगह से टूट गईं हैं। जिससे हादसे का डर बना हुआ है।
पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि हर जगह भारी जलभराव से जनता परेशान है। पार्षद रमेश कुमार मंगू ने कहा कि ओगलभट्टा बस्ती में जलभराव का मुख्य कारण एक पुराना नाला है। जिसके ओवरफ्लो होने से हर साल घरों में पानी भर करता है। कई बार प्रशासन से इस बारे में शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस अवसर पर मानवेन्द्र बिष्ट, सिद्धार्थ वर्मा, शिक्षा देवी, उर्मिला देवी, सुनीता बिष्ट, बिंद्रा प्रसाद, अरुण आदि मौजूद रहे।