मरम्मत व निर्माण नहीं होने के कारण जर्जर स्थिति में पहुंच गई है डाकपत्थर रोड
इसी सड़क से होकर डाकपत्थर तक पहुंचते हैं पर्यटक
डाकपत्थर रोड की दयनीय स्थिति आवाजाही करने वाले पर्यटकों व स्थानीय निवासियों के लिए मुसीबत बन गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
देशभर में प्रसिद्ध पछवादून के महत्वपूर्ण पर्यटक स्थल डाकपत्थर को जाने वाली सड़क बदहाल स्थिति में है। जगह-जगह से टूटी सड़क और उस पर बने गड्ढों में हो रहा जलभराव आवाजाही करने वालों को परेशानी में डाल रहा है। बताते चलें कि विकासनगर से लेकर नवाबगढ़ पुल नंबर एक तक लगभग डेढ़ किमी लंबी सड़क का निर्माण पिछले कई साल से नहीं हो पाया है, जिसके कारण सड़क पूर्णत: क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
दूसरे प्रदेशों व शहरों से डाकपत्थर आने वाले पर्यटक व अन्य यात्री इसी सड़क से होकर पर्यटक स्थल तक पहुंचते हैं। इसके अलावा नवाबगढ, जीवनगढ़, डाकपत्थर आदि गांवों के निवासी भी इसी मार्ग से अपनी दैनिक आवाजाही करते हैं। नवाबगढ़ की प्रधान शबाना मलिक, ग्राम पंचायत सदस्य विनय जायसवाल, वाजिद अली का कहना है कि सड़क के निर्माण के लिए कई बार लोक निर्माण विभाग को ज्ञापन व पत्र आदि भेजे गए हैं लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई कार्रवाई जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं दे रही है।
बयान...
सड़क के निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। बजट की स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। - प्रदीप कुमार सैनी, सहायक अभियंता, लोनिवि